Uttarakhand: पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान,पुलिस के प्रयासों की बड़ी उपलब्धि

पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। भारत सरकार ने राज्य पुलिस को इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवॉर्ड फॉर स्टेट पुलिस प्रदान किया है। यह सम्मान नागरिक सेवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड पुलिस के प्रयासों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने प्रदान किया पुरस्कार

नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से एडीजी प्रशासन ए. पी. अंशुमान को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान पासपोर्ट सत्यापन सेवाओं में राज्य पुलिस के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर उत्तराखंड पुलिस की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सम्मान उसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।

डीजीपी दीपम सेठ के नेतृत्व में मिली सफलता

उत्तराखंड पुलिस ने यह उपलब्धि पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में तकनीक के प्रभावी उपयोग और बेहतर कार्यप्रणाली के जरिए हासिल की है। इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है तथा पूरे पुलिस परिवार को बधाइयां दी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *