Uttarakhand: निहंगों के संभावित प्रवेश को लेकर उत्तराखंड-हिमाचल बॉर्डर सील, विकासनगर पुलिस हाई अलर्ट पर

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा से निहंगों के संभावित प्रवेश की आशंका को देखते हुए विकासनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। किसी भी संभावित टकराव तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए उत्तराखंड-हिमाचल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया गया है।

सीमा क्षेत्र में स्थित कुल्हाल पुलिस चौकी को अस्थायी छावनी में तब्दील कर दिया गया है। यहां भारी पुलिस बल के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी स्वयं एसपी देहात पंकज गैरोला और कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण सहित वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और सीमा क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले डाकपत्थर बैराज पुल पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है, इसलिए यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निहंगों को सीमा पर ही रोक दिया जाएगा और किसी भी स्थिति में उन्हें राज्य में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल सीमा क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *