ऊपरी गंगा नहर की वार्षिक बंदी के चलते हरिद्वार में हर की पौड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर आठ नवंबर तक पानी की उपलब्धता काफी कम रहेगी। नहरबंदी 20 और 21 अक्टूबर की मध्यरात्रि से शुरू होकर सात और आठ नवंबर की मध्यरात्रि तक जारी रहेगी। ऐसे में हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों की योजना इसी के अनुरूप बनाने की सलाह दी गई है।
पुलिस की ओर से जारी सूचना में श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि हरिद्वार आने से पहले नहरबंदी की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। घाटों पर गंगा के जल की उपलब्धता कम रहने के कारण स्नान और पूजा-पाठ के दौरान असुविधा हो सकती है।
श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे यात्रा की योजना बनाते समय इस सूचना का ध्यान रखें, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।

