ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ मंदिर के कपाट इस यात्रा वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाटोद्घाटन की तिथि आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विधिवत पंचांग गणना के बाद घोषित की गई।
उखीमठ में पंचांग गणना के बाद तिथि घोषित
शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में परंपरानुसार धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, धर्माचार्यों, वेदपाठियों एवं हक-हकूकधारियों की उपस्थिति में तिथि की घोषणा की गई।
मंदिर को साढ़े नौ क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। दानदाताओं द्वारा आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। “जय श्री केदार” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पंचमुखी डोली यात्रा का कार्यक्रम
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार भगवान श्री केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली यात्रा का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है।
- 18 अप्रैल: उखीमठ में भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना
- 19 अप्रैल: डोली प्रस्थान – उखीमठ से फाटा
- 20 अप्रैल: दूसरा पड़ाव – गौरीकुंड
- 21 अप्रैल: डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी
- 22 अप्रैल, प्रातः 8 बजे: कपाटोद्घाटन
मुख्य पुजारी का दायित्व
इस यात्रा वर्ष में श्री केदारनाथ धाम में एम.टी. गंगाधर मुख्य पुजारी का दायित्व संभालेंगे।
चारधाम यात्रा की तैयारियों के साथ ही श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।
