Uttarakhand: उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सुचारू, तेल कंपनियों ने दिया भरोसा

वैश्विक स्तर पर जारी आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए हुए हैं। तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि राज्य में ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

आईओसीएल के उत्तराखंड राज्य स्तरीय समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि तेल उद्योग अपने व्यापक आपूर्ति नेटवर्क के माध्यम से ईंधन की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग प्लांट और रिटेल आउटलेट्स के जरिए राज्यभर में आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।

उन्होंने बताया कि सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर निर्धारित सुरक्षा एवं परिचालन मानकों के अनुरूप बिना किसी प्रतिबंध के ईंधन वितरण किया जा रहा है।

पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है ईंधन स्टॉक

गुप्ता ने कहा कि पूरी आपूर्ति श्रृंखला में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं की वास्तविक मांगों को पूरा करने के लिए लगातार आपूर्ति बनाए रखी गई है।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य रूप से ईंधन की खरीद करें। तेल कंपनियां राज्य में ईंधन आपूर्ति को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान विशेष व्यवस्था

चारधाम यात्रा को देखते हुए भी तेल कंपनियों की ओर से विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रा मार्गों और पर्वतीय क्षेत्रों में ईंधन की उपलब्धता बनी रहे। कंपनियों ने भरोसा दिलाया है कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *