Uttarakhand: राजकीय सम्मान के साथ दी गई पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को अंतिम विदाई

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (से.नि.) को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान प्रदेश और देश की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी शामिल हुए।

पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान सेना और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खंडूड़ी जी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी ने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शिता, अनुशासन और ईमानदारी के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि एक अभिभावक के रूप में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का प्रतीक रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने कहा कि सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचारों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

अंतिम संस्कार में भगत सिंह कोश्यारी, अजय टम्टा, सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, मदन कौशिक, अनिल बलूनी, अजय भट्ट, विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संतगण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *