खेल महाकुम्भ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 के तहत 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक प्रस्तावित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं। एथलेटिक्स, कबड्डी और पिट्टू की प्रतियोगिताओं के साथ समापन समारोह भी प्रस्तावित था। प्रतियोगिताओं की नई तिथि बाद में जारी की जाएगी।
संयुक्त निदेशक, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अजय अग्रवाल ने इस संबंध में जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर जानकारी दी है। पूर्व में जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्य स्तर पर ग्रुप-17 में 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग तथा 20 से 25 वर्ष की महिला ओपन वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित होनी थीं।
इन तीन दिनों में एथलेटिक्स, कबड्डी और पिट्टू के मुकाबलों के साथ मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 का समापन समारोह भी प्रस्तावित था। अब इन सभी प्रतियोगिताओं को संशोधित तिथि जारी होने तक स्थगित कर दिया गया है।
संयुक्त निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नई तिथि घोषित होने के बाद खिलाड़ियों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। प्रतियोगिताओं के आयोजन की नई तिथि के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी।

