चमोली जिले में 30 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के बाद जिला प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बारिश के दौरान ट्रेकिंग की अनुमति नहीं देने को कहा गया है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चमोली ने मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए अधिकारियों को सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सभी संबंधित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल स्थानीय स्तर पर कार्रवाई की जाए और संबंधित सूचनाओं का बिना देरी आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन ने विशेष रूप से ट्रेकिंग पर जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बारिश के दौरान ट्रेकिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों को किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तत्परता बनाए रखने को कहा गया है।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर दें सूचना

जिला प्रशासन ने आपदा संबंधी किसी भी सूचना को तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चमोली तक पहुंचाने की अपील की है। इसके लिए 01372-251437, 9068187120 और 7579004644 नंबर जारी किए गए हैं।