Uttarakhand: चारधाम यात्रा से पहले पार्किंग व्यवस्थाएं मजबूत करने की तैयारी, आवास सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण

चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आवास विभाग के सचिव आर राजेश कुमार ने चमोली जिले के गौचर, कर्णप्रयाग और चमोली में निर्माणाधीन व प्रस्तावित पार्किंग परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्राथमिकता के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

गौचर पार्किंग तैयार, जल्द होगा संचालन

अधिकारियों ने बताया कि गौचर में पार्किंग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इस पार्किंग की क्षमता 27 वाहनों की है और इसका निर्माण उत्तराखंड पेयजल एवं निर्माण निगम द्वारा कराया गया है।
आवास सचिव आर राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग को जल्द संचालन के लिए तैयार किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।

नंदा राजजात यात्रा से पहले पूरा हो कर्णप्रयाग पार्किंग

इसके बाद सचिव ने कर्णप्रयाग में निर्माणाधीन पार्किंग परियोजना का निरीक्षण किया। यह परियोजना जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, चमोली द्वारा तैयार की जा रही है।
उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी नंदा राजजात यात्रा से पहले इस पार्किंग का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए, क्योंकि यात्रा के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

चमोली में दो नई पार्किंग का भी निरीक्षण

सचिव ने चमोली में टैक्सी स्टैंड के पास और खड्ड साइड स्थित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि टैक्सी स्टैंड के पास बनने वाली पार्किंग की क्षमता 21 वाहनों की होगी, जबकि खड्ड साइड स्थित पार्किंग में 82 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इन दोनों पार्किंग स्थलों का निर्माण ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है।

जाम वाले स्थानों की पहचान के निर्देश

निरीक्षण के दौरान आर राजेश कुमार ने अधिकारियों को चारधाम यात्रा मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए जाम की समस्या वाले स्थानों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों के पास उपयुक्त भूमि चिन्हित कर नई पार्किंग विकसित की जाए, ताकि भविष्य में यात्रा के दौरान यातायात जाम की समस्या को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *