Kedarnath Dham: केदारनाथ धाम कपाट उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में, 51 क्विंटल फूलों से सजेगा मंदिर परिसर

विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट उद्घाटन को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस वर्ष बाबा केदार के पावन धाम को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए मंदिर परिसर को लगभग 51 क्विंटल गेंदे के रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जा रहा है।

मंदिर परिसर में आकर्षक फूलों की सजावट और विशेष अलंकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे पूरा धाम दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं को इस बार केदारनाथ धाम में एक अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव मिलने की उम्मीद है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 22 अप्रैल को प्रातः शुभ मुहूर्त में विधि-विधान, पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री केदारनाथ जी के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट उद्घाटन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

इस वर्ष अप्रैल माह में हुई ताजा बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम बर्फ की सफेद चादर से ढका हुआ है, जिससे यहां का दृश्य और भी मनमोहक और अलौकिक हो गया है। बर्फ से आच्छादित पर्वत श्रृंखलाओं के बीच स्थित यह पावन धाम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बदरी-केदार मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा के सुरक्षित, सुगम और सफल संचालन का संकल्प दोहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *