उत्तराखंड के सभी जिलों में हरिद्वार को छोड़कर जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने की समय-सारणी राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी कर दी है। आलेख निर्वाचक नामावली का प्रकाशन आठ सितंबर और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि जिला योजना समिति के चुनाव के लिए जिला पंचायत और नगर स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों की मतदाता सूची तैयार की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 सितंबर को निर्वाचक नामावली के निरीक्षण के साथ दावा-आपत्ति दाखिल करने का अवसर दिया जाएगा।
दावा-आपत्तियों का निस्तारण 12 सितंबर को किया जाएगा। इसके बाद 15 सितंबर को अंतिम रूप से तैयार निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होगा।
स्थानीय स्तर पर होगा प्रचार-प्रसार
राज्य निर्वाचन आयुक्त के मुताबिक जिला मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से निर्वाचक नामावली तैयार करने के कार्यक्रम का स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। निर्वाचक मंडल की जानकारी के लिए जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत मुख्यालय और सभी नगर स्थानीय निकायों के मुख्यालयों में भी कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाएगा।
जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यवाही संबंधित जिला मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से पूरी की जाएगी।
