ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबे समय से यातायात के लिए चुनौती बने सिरोबगड़ भूस्खलन क्षेत्र के स्थायी ट्रीटमेंट का काम शुरू हो गया है। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में सुरक्षात्मक और स्थिरीकरण कार्य किए जाएंगे। परियोजना को नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि ट्रीटमेंट के तहत भूस्खलन क्षेत्र को स्थिर करने के लिए विभिन्न सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे। काम पूरा होने के बाद सिरोबगड़ में भूस्खलन की समस्या कम होने की उम्मीद है।
इससे स्थानीय लोगों के साथ ही चारधाम यात्रियों को भी सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। सिरोबगड़ क्षेत्र में भूस्खलन के कारण अक्सर यातायात प्रभावित होता रहा है। स्थायी ट्रीटमेंट पूरा होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही अधिक सुरक्षित होने की उम्मीद है।
