Prayagraj Maha Kumbh: घर के उत्सव की तरह महाकुंभ, हर भाग को स्वच्छ रखना बड़ी सेवा: नगर विकास मंत्री

प्रयागराज। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने रविवार को सर्किट हाउस में प्रयागराज नगर निगम के अधिकारियों के साथ ही व्यापार मंडलों के साथ भी बैठक की। उन्होंने कहा कि, प्रयागराजवासी घर के उत्सव की तरह महाकुंभ को संभालें।

उन्होंने कहा कि, नदियां और संगम क्षेत्र हमारी धरोहर हैं। इसे स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई ऐसी होनी चाहिए कि लोग गंदगी फैलाने से पहले खुद सोचें। साथ ही उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था पर संतुष्टि जताते हुए अन्य विभागों से भी समन्वय बनाने की बात कही।

इससे पहले शनिवार देर शाम उन्होंने किला घाट, कमला नेहरू रोड, सिविल लाइंस, एयरपोर्ट रोड सहित अन्य जगहों का स्थलीय निरीक्षण किया और उस आधार पर दिशा-निर्देश दिए।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि, महाकुंभ का स्नान कल (सोमवार) से शुरू हो रहा है। ऐसे में महाकुंभ में आए और आने वाले सभी श्रद्धालुओं, तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों का उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि, संगम में स्नान करने के लिए आने वाले सभी लोग और श्रद्धालु अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें।

खासकर स्नान करते समय और बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि, तीर्थराज प्रयाग केवल एक नदियों का संगम नहीं है, केवल एक भौगोलिक भूमि नहीं है, ये एक जीवंत देवता हैं। इनके हर अंग को, हर भाग को स्वच्छ रखना ही इनकी सबसे बड़ी सेवा है।

हमें जो करना था कर दिया और कर रहे, अब आपकी जिम्मेदारी

मंत्री शर्मा ने कहा कि, भागीरथ ने तपस्या की और मां गंगा आने को तैयार भी हो गईं, लेकिन उन्होंने कहा कि मेरे इस वेग को संभालेगा कौन। तब भगवान शिव आए और उन्होंने मां गंगा को अपनी जटाओं में धारण किया। व्यापारियों और नगरवासियों से मंत्री शर्मा ने कहा कि अब शिव वाला रोल आपका आ गया है। महाकुंभ हमारी व्यवस्था से होने वाला नहीं है। इसका वेग हमारे रोकने से रुकने वाला नहीं है। प्रयाग के नागरिकों को, व्यपारियों को, प्रतिष्ठित लोगों को घर के उत्सव की तरह इसे मिलकर संभालना है। आप प्रयाग के निवासी हैं, रोज गंगा-यमुना देखते हैं। आप इतनी बड़ी विरासत के भागीदार हो।

जितना हमें अपनी विरासत में विश्वास, उतना आधुनिकता में भी

स्टेक होल्डर्स के साथ हुए विचार-विमर्श में मंत्री शर्मा ने कहा कि, प्रयाग की महिमा सभी जगह, राम चरित मानस में कही गई है। यूनेस्को ने भी महाकुंभ को मान्यता दी है। सैकड़ों विदेशी संस्थाएं, यूनिवर्सिटीज, रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन देखने आ रही हैं कि इतनी बड़ा आयोजन कैसे करते हैं। कैसे धर्म, से जुड़कर, आध्यात्म से जुड़कर इसे व्यवस्थित ढंग से करते हैं। उन्होंने कहा कि, ऐसे समय में महाकुंभ हो रहा है, जब देश पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत कोई सामान्य देश नहीं है। इसमें व्यापारी वर्ग का विशेष योगदान है। उन्होंने कहा कि, इसकी आईटी पावर को पूरा विश्व मान रहा है। भारतीय लोग पूरी दुनिया की आईटी का संचालन कर रहे हैं। ऐसे में पूरी दुनिया की नजर हमारे ऊपर है।

प्लास्टिक की जगह कपड़े के थैले का दें विकल्प

हम आधुनिक विश्व को दिखा दें कि हम जितना अपनी विरासत, अपनी धार्मिकता में विश्वास करते हैं उतनी ही आधुनिकता पर भी विश्वास करते हैं। हर व्यापारी अपनी दुकानों पर दीपावली की तरह झालर से सजाए। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की छवि को काफी बदला है। अब स्वच्छता की बात होती है। हमें इसे और आगे बढ़ाना और पूरी तरह साकार करना है। उन्होंने व्यापारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील। कहा कि, इससे गाय खा जाती हैं, उनकी मौत होती है। नदियां प्रदूषित होती हैं। सरकार ने इसे बैन किया है। प्लास्टिक बैग की जगह कपड़े के थैले का विकल्प दीजिए। उन्होंने अधिकारियों से भी कहा कि, जहां कहीं भी साफ-सफाई में समस्या आ रही है, वहां स्थानीय लोगों और व्यापारियों का सहयोग लें।

नदियां, संगम क्षेत्र हमारी धरोहर

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि, नदियां हमारी धरोहर हैं, संगम क्षेत्र हमारी धरोहर है, उसे साफ रखने का प्रयत्न करें। गंदगी को डस्टबिन में डालें। इसके लिए पूरे शहर सहित मेला क्षेत्र में जगह-जगह डस्टबिन और कूड़ेदान लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि, प्रयाग की जनता के साथ ही महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालु विशेष रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें। तभी हमारी नदी, हमारे घाट, हमारे तीर्थ स्थान स्वच्छ रहेंगे। मंत्री ने शहर सहित मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए दीवारों पर स्लोगन लिखवाने और रिक्शों पर स्टीकर चस्पा कराने के भी निर्देश दिए।

तीर्थ स्थानों और धरोहरों का भाजपा सरकार ने किया जीर्णोंधार

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि, प्रयागराज अपने आप में तीर्थ स्थल है। यहां पर कई प्राचीन मंदिर और स्थान है। पहली बार भाजपा सरकार ने इस पर ध्यान दिया है। नागवासुकी मंदिर, भारद्वाज आश्रम, वेणी माधव ऐसे प्राचीन मंदिरों सहित घाटों का जीर्णोंधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हुआ है। उन्होंने कहा कि, घाटों के निर्माण के साथ इस बात का भी ध्यान रखा गया है कि वहां पर्याप्त प्रकाश हो और स्नार्थियों के लिए सभी व्यवस्था की गई है। बैठक में महापौर गणेश केसरवानी और नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग सहित अन्य अधिकारी और सिविल लाइन, दारागंज, चौक, सुलेमसराय, कटरा व्यापार मंडल के पदाधिकारी, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष, पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित अन्य व्यापारीगण मौजूद थे।

3000 हजार व्यापारियों को दिया गया प्रशिक्षण

व्यापारियों की ओर से बताया गया कि सिविल लाइन की दुकानों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। साथ ही महाकुंभ के लोगों लगे साइन बोर्ड बनवाए गए हैं। इसे 100 से अधिक प्रतिष्ठानों पर लगाया गया है। महाकुंभ के लिए 3000 छोटे दुकानदारों को प्रशिक्षण दिया गया है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि सभी पंप पर साफ और स्वच्छ टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। व्यापारियों ने मांग भी रखी कि श्रीमती गोमती देवी की प्रतिमा स्थापित की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की सेवा करने के लिए प्रशासन उन्हें दो पहिया वाहन के पास उपलब्ध कराए।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से कहा- दुनिया भर में पहुंचाएं प्रयागराज का नाम

मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ भी बैठक की। प्रयागराज के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स इस बैठक में शामिल हुए। मंत्री शर्मा ने उनसे कहा कि आजकल सोशल मीडिया का जमाना है। उन्होंने कहा कि, आप लोग दुनिया भर में प्रयागराज का नाम पहुंचाएं। इस महाकुंभ में सरकार ने बहुत सारे काम किए हैं। शहर के विकास से लेकर संगम क्षेत्र तक को विकसित किया गया है। इसके लिए स्वच्छता, सुंदरता और पर्यावरण का भी ध्यान रखा गया है। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से उनके सुझाव भी मांगे, जिसे लागू कर इसे और भी बेहतर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *