भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में चल रहे उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन माननीय विधायकों ने सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर धरना और विरोध प्रदर्शन किया।
विधायकों का कहना था कि प्रदेश में लगातार बढ़ती बेरोज़गारी, भर्ती घोटालों से प्रभावित युवाओं की पीड़ा, महंगाई की मार, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे कई गंभीर मुद्दे हैं, जिन पर विधानसभा में विस्तृत चर्चा आवश्यक है। इन ज्वलंत विषयों पर सरकार को चेताने और जनता की आवाज़ बुलंद करने के उद्देश्य से यह विरोध प्रदर्शन किया गया।
विरोध कर रहे विधायकों ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां जनता से जुड़े हर महत्वपूर्ण विषय पर व्यापक और गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उनका मानना है कि वर्तमान समय में प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिन पर पर्याप्त समय देकर सार्थक विमर्श किया जाना जरूरी है।
विधायकों ने मांग की कि बजट सत्र की अवधि बढ़ाई जाए, ताकि प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर प्रभावी चर्चा हो सके और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप ठोस समाधान सामने आ सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए यह संघर्ष आगे भी लगातार जारी रहेगा और जनहित के मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाया जाता रहेगा।
