केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी के बीच गुरुवार को मौसम ने सुखद बदलाव लिया और बाबा केदार की नगरी में सुनहरी धूप खिल उठी। बर्फ की सफेद चादर से ढके धाम में यह नजारा बेहद आकर्षक और मनमोहक दिखाई दिया।
कड़ाके की ठंड और विषम मौसम परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढील नहीं है। उत्तराखण्ड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ धाम क्षेत्र में तैनात हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे हुए हैं।
बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद जवान कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। सुरक्षा बलों का कहना है कि हर मौसम में सेवा और सुरक्षा का संकल्प अटूट है और किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मौसम के इस बदले मिजाज के बीच केदारनाथ धाम की सुंदरता और भी निखरकर सामने आई है।
