Uttarakhand: हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय का ध्वज वंदन समारोह, सीएम धामी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत हुए शामिल

देव संस्कृति विश्वविद्यालय की ओर से ध्वज वंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम माता भगवती देवी शर्मा की शताब्दी स्मृति को समर्पित रहा।

रविवार को हरिद्वार देव संस्कृति विवि में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह शताब्दी समारोह माता भगवती देवी शर्मा के तपस्वी जीवन, निःस्वार्थ सेवा और अखंड साधना के प्रति राष्ट्र की भावपूर्ण कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनका संपूर्ण जीवन त्याग, बलिदान और साधना की ऐसी प्रेरक ज्योति रहा है, जिसने असंख्य लोगों को जीवन की सही दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गायत्री परिवार किसी एक संगठन तक सीमित नहीं, बल्कि यह युग चेतना का ऐसा प्रवाह है जो व्यक्ति से समाज और समाज से राष्ट्र के उत्थान की दिशा में निरंतर अग्रसर करता है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ और आदि कैलाश जैसे तीर्थस्थल भारत की आत्मा की धड़कन हैं। ऐसे पावन वातावरण में आयोजित यह समारोह भारतीय संस्कृति, संस्कार और साधना परंपरा के नवजागरण का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखण्ड के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त दंगारोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किए गए हैं। साथ ही अब तक 10 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि यह शताब्दी समारोह सेवा, साधना और संस्कार के त्रिवेणी संगम का प्रतीक है, जो नवयुग के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जब समाज के लोग नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव को जीवन का आधार बनाते हैं, तभी सशक्त संस्कृति और स्थायी सभ्यता का निर्माण संभव होता है।

शताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि आत्मपरिवर्तन ही सामाजिक परिवर्तन की पहली शर्त है। जब व्यक्ति स्वयं को बदलने का साहस करता है, तभी समाज और राष्ट्र के नवनिर्माण की मजबूत नींव रखी जा सकती है। शताब्दी समारोह का उद्देश्य भी इसी चेतना को जागृत करना है।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, दायित्वधारी विनय रुहेला, सुदर्शन न्यूज के प्रबंध निदेशक सुरेश चव्हाण, ईडी के पूर्व निदेशक  राजेश्वर सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर विधायक हरिद्वार मदन कौशिक, दायित्वधारी श्यामवीर सैनी, देशराज कर्णवाल, शोभाराम प्रजापति, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *