Uttarakhand: नैनीताल में मॉर्निंग वॉक पर निकले मुख्यमंत्री धामी, लोगों से की मुलाकात, नैना देवी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का लिया जायज़ा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान आमजन, स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और पर्यटकों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोग उत्साहित दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने नैना झील क्षेत्र में घूमते हुए स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी ली और लोगों से आत्मीय संवाद किया।

मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय चाय विक्रेता भरत की दुकान पर रुककर चाय का स्वाद लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह उनके लिए बड़ा उत्साहवर्धन है कि मुख्यमंत्री जनसामान्य के बीच सहज रूप से समय बिताते हैं।


नैना देवी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण

मुख्यमंत्री धामी ने मानस खंड मिशन के तहत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर को और अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप देने हेतु 11 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है।

इस राशि से

  • मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण
  • श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार
  • आधारभूत ढांचे का सुधार
  • परिसर में आध्यात्मिक वातावरण को और समृद्ध करने के कार्य

तेजी से प्रगति पर हैं।


अन्य विकास कार्यों की समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने डीएसए मैदान सुधार, वलिया नाला और ठंडी सड़क पर चल रहे भूस्खलन सुरक्षा कार्यों की भी विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि

  • सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं
  • मानस खंड मिशन के तहत नैनीताल में चल रहे विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी
  • सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पर्यटन नगरी की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित की जाए

अधिकारियों की मौजूदगी

निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री की इस अनौपचारिक और निरीक्षणात्मक यात्रा से स्थानीय लोगों में विकास कार्यों के प्रति नई आशा जागी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *