आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने उत्तराखंड में भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी देहरादून जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उत्तराखंड न्याय यात्रा निकालेगी। यात्रा के माध्यम से कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और बिगड़ती कानून व्यवस्था समेत प्रदेश की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए जनता से सीधा संवाद करेगी।
मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला भी मौजूद रहे। बैठक में यात्रा के प्रस्तावित मार्ग, जनसभाओं, नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल कानून व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। किसान, मजदूर, व्यापारी और आम नागरिक भी सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर जनता से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।
प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड न्याय यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई का अभियान है। इसके माध्यम से कांग्रेस सरकार की नीतियों और उसके कामकाज पर सवाल उठाने के साथ ही आम लोगों की समस्याएं सुनेगी तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित कर इसे जनसंपर्क अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा। कांग्रेस का लक्ष्य यात्रा के जरिए आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी बात पहुंचाना और प्रदेश में बदलाव का संदेश देना है।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, लालचंद शर्मा, राजकुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, महामंत्री राजेंद्र शाह और नवीन जोशी, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

