मां नंदा की बड़ी जात के तहत शनिवार को रामणी गांव में 40 से अधिक छतोलियों और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची देव डोलियों का भव्य देव मिलन हुआ। बंड और दशोली क्षेत्र की मां नंदा की डोली, ल्वाणी की ज्वाल्पा देवी और फरस्वाणफाट के जाख देवता समेत विभिन्न गांवों की छतोलियां रामणी पहुंचीं। इस ऐतिहासिक और भावुक देव मिलन के पांच हजार से अधिक श्रद्धालु साक्षी बने।

दशोली और नंदानगर क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के भूमियाल देवताओं के निशान और अवतारी पुरुष भी रामणी पहुंचे। यहां त्यूंणा रजकोटी देवता के साथ सभी देव डोलियों और छतोलियों का मिलन हुआ। देव मिलन के दौरान पूरा क्षेत्र आस्था और भक्ति से सराबोर नजर आया।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने देव डोलियों के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। देव मिलन को लेकर रामणी गांव में दिनभर उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।