प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच करने को कहा।

उन्होंने पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण कर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित करने और वहां आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश भी दिए। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने के साथ ही सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाए।