मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि कर इसे 8300 से बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने का फैसला लिया गया। वहीं, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने, हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने और चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी देने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

कैबिनेट ने भवन निर्माण एवं विकास उपविधियों में मानकों को सरल बनाने और महायोजना में भू-उपयोग परिवर्तन के शुल्क में संशोधन का निर्णय लिया। इसके तहत लैंड यूज बदलने की दरों में करीब 25 प्रतिशत तक कमी की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे वैध निर्माण और नियोजित विकास को बढ़ावा मिलेगा।

हरिद्वार में बनेंगे तीन पीआरटी कॉरिडोर

कैबिनेट ने हरिद्वार दर्शन परियोजना के तहत 21.08 किलोमीटर लंबे तीन पीआरटी कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दी। इसमें पहला कॉरिडोर वेलनेटी से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा होगा। दूसरा सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर और तीसरा गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबा होगा। तीनों कॉरिडोर पर कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं।

चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की गारंटी

पेराई सत्र 2026-27 के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान में सुविधा देने के उद्देश्य से 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी देने का निर्णय लिया गया। इससे मिलों को ऋण प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ी

वन आरक्षी के पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक होने वाली भर्ती के लिए नियमावली में संशोधन के माध्यम से दी जाएगी।

कर्मचारियों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े फैसले

कैबिनेट ने सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 को लागू करने का निर्णय लिया। इसके तहत संगठित और असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा लाभ देने के लिए व्यवस्था की जाएगी। सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन और कल्याण बोर्डों के गठन का भी प्रावधान किया गया है।

ईएसआई योजना में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए डी फार्मा के साथ बी फार्मा को भी शैक्षिक योग्यता में शामिल किया गया है। एक्स-रे तकनीशियन सेवा नियमावली में संशोधन को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले चिकित्सकों को दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों में दो साल की अनिवार्य सरकारी सेवा के लिए बांड की सुविधा देने पर सहमति बनी।

आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित

आबकारी विभाग के कार्यों को बेहतर बनाने के लिए दो परिक्षेत्रों को बढ़ाकर सात परिक्षेत्रों में पुनर्गठित किया गया है। इसके तहत पांच उप आबकारी आयुक्त और छह सहायक आबकारी आयुक्त समेत कुल 11 नए पद सृजित किए गए हैं।

इसके अलावा उत्तराखंड स्वच्छता कर्मचारी आयोग में एक अतिरिक्त पद सृजित करने, ग्रामीण विकास योजना की ऑपरेशन एवं रखरखाव नीति-2026 को मंजूरी देने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड को निर्माण कार्यदायी संस्थाओं की सूची में शामिल करने का निर्णय लिया गया।

कैबिनेट ने सेतु आयोग की सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली-2026, उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा संशोधन नियमावली-2026 और राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली-2025 से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के अंशदान में संशोधन, महाधिवक्ता कार्यालय की सेवा नियमावली में बदलाव और विधानसभा के वर्ष 2026 के तीसरे सत्र का सत्रावसान करने की संस्तुति भी की गई।

इसके साथ ही वन भूमि के एक मामले में 594.90 एकड़ अधिसूचित वन भूमि को डी-नोटिफाई करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर सहमति दी गई। वहीं, सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक डॉ. दिनेश चंद्र ध्यानी को सेवा लाभ देने से जुड़े प्रकरण पर भी निर्णय लिया गया।