भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग के खिलाफ कांग्रेस का पखवाड़ेभर चला हस्ताक्षर अभियान बुधवार को संविधान दिवस पर आयोजित संविधान रक्षा मार्च के साथ संपन्न हो गया। प्रदेशभर से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना की तख्तियां लेकर मार्च में भाग लिया और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लोकभवन की ओर कूच किया।

मार्च में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेसजनों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही संविधान की प्रस्तावना का पाठ करने के साथ संविधान की रक्षा की प्रतिज्ञा भी ली।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान दिवस पर संविधान रक्षा मार्च में उमड़ा कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई में पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है। भाजपा सरकार द्वारा चुनाव आयोग सहित अन्य संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर सत्ता में बने रहने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों, चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक हित साधने के लिए कर रही है। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के अधिकार, समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी है। कांग्रेस इन संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग से जनता परेशान है। कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी और लोकतंत्र व नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष और तेज करेगी। नेताओं ने हस्ताक्षर अभियान में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को संगठन की मजबूती और जनता के समर्थन का संकेत बताया।