भीमताल झील के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) ने महत्वपूर्ण पहल की है। झील की वास्तविक गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल में जमा गाद का पता लगाने के लिए 20 से 23 नवंबर तक चार दिवसीय बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण कराया गया। सर्वेक्षण के आधार पर झील की गाद निकासी (ड्रेजिंग) की संभावनाओं का भी तकनीकी मूल्यांकन किया जाएगा।

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के अनुसार, इस वैज्ञानिक सर्वेक्षण का उद्देश्य झील की मौजूदा स्थिति का सटीक आकलन कर उसके संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना है। सर्वेक्षण का जिम्मा रुड़की की मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज को दिया गया था।

सर्वेक्षण के दौरान आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया। मोटर बोट पर लगाए गए इकोसाउंडर उपकरण से झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी गई, जबकि डीजीपीएस की मदद से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति दर्ज की गई। इसके लिए करीब 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए।

सर्वेक्षण से झील का डिजिटल बेड सरफेस, डेप्थ प्लान, क्रॉस सेक्शन प्रोफाइल और 3डी डिजिटल टेरेन मॉडल तैयार किया जाएगा। साथ ही झील की कुल जल भंडारण क्षमता, तलछट की मोटाई और जमा गाद की मात्रा का आकलन होगा। इन आंकड़ों से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि झील की जल संग्रहण क्षमता कितनी प्रभावित हुई है और किन हिस्सों में गाद निकासी की जरूरत है। इससे भीमताल झील के वैज्ञानिक संरक्षण और पुनर्जीवन की कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।