हरिद्वार में 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। दिल्ली, मेरठ, पंजाब, हरियाणा, मुरादाबाद और नजीबाबाद समेत विभिन्न शहरों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग निर्धारित की गई हैं। वहीं, यातायात का दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा 23 नवंबर की रात 12 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस के यातायात प्लान के अनुसार दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इन वाहनों की पार्किंग बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में बनाई गई है। यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को नारसन, मंगलौर, नगला इमरती, लक्सर, फेरुपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा और शनि चौक होते हुए श्रीयंत्र पुलिया की ओर भेजा जाएगा। इन वाहनों की पार्किंग बैरागी कैंप में होगी।

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ने पर उन्हें सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिझौली चौक, एनएच-344, सहारनपुर बाईपास, छुटमलपुर बाईपास, बिहारीगढ़ और मोहंड होते हुए देहरादून व ऋषिकेश की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, दिल्ली-मेरठ से आने वाली बसों का दबाव बढ़ने पर देहरादून जाने वाले वाहनों को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे, देवबंद, कोलकी टोल टैक्स, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते भेजा जाएगा।

मुरादाबाद और नजीबाबाद से देहरादून, ऋषिकेश की ओर से स्नान के लिए आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी होते हुए चंडी चौक पहुंचना होगा। इनके लिए नीलधारा और गौरीशंकर में पार्किंग बनाई गई है। बड़े वाहनों को चिड़ियापुर और श्यामपुर से डायवर्ट कर गौरीशंकर व नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।

देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नेपाली फार्म, रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इनके लिए लालजीवाला में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, चारधाम यात्रा मार्ग से आने वाले वाहनों को दिल्ली-मेरठ जाने के लिए चंडी चौक से एनएच-344 की ओर भेजा जाएगा। नजीबाबाद जाने वाले वाहन चंडी चौक, चंडी चौकी और श्यामपुर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

ऑटो-विक्रम के लिए भी डायवर्जन

स्नान पर्व के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को फोरलेन स्थित जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। यहां सवारियां उतारने के बाद उन्हें वापस लौटना होगा। ज्वालापुर और बीएचईएल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम के लिए भी अलग-अलग डायवर्जन लागू रहेंगे। इन्हें रानीपुर मोड़, देवपुरा और भगत सिंह चौक होते हुए निर्धारित मार्गों से संचालित किया जाएगा।

इसके अलावा ललतारापुल से शिवमूर्ति तक ऑटो, विक्रम और टैक्सी समेत सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैरागी कैंप पार्किंग से आने वाले ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक तक जाकर यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर तक ई-रिक्शा और ई-ऑटो की पूरी तरह नो एंट्री रहेगी।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।