हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी पर उनके ही चालक ने गोली चलाकर जानलेवा हमला कर दिया। गोली माथे के पास लगने से आईबी में एसपी पद पर तैनात सीपी नौटियाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल अधिकारी को तत्काल बंगाली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें एम्स रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आईबी अधिकारी सीपी नौटियाल और उनके चालक विनोद नेगी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि चालक अधिकारी से नाराज चल रहा था। इसी विवाद के दौरान चालक ने उन पर गोली चला दी। गोली अधिकारी के माथे के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल अधिकारी को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
फिलहाल अधिकारी और चालक के बीच विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। चालक नेगी ने किन परिस्थितियों में गोली चलाई और इसके पीछे क्या कारण रहे, पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटना को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी और विस्तृत पुष्टि का इंतजार है।

