उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी शनिवार को हरिद्वार में गमगीन माहौल के बीच पंचतत्व में विलीन हो गईं। योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई महेंद्र बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। नमामि गंगे घाट के समीप स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में संत, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सावित्री देवी का पार्थिव शरीर हरिद्वार पहुंचने की सूचना के बाद अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग श्मशान घाट पहुंचे। पार्थिव शरीर पहुंचते ही वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने और अंतिम संस्कार स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को कई बार सुरक्षा घेरा बनाना पड़ा।

अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, उत्तर प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे समय योगी आदित्यनाथ के साथ खड़े दिखाई दिए और उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अंत्येष्टि में अखाड़ा परिषद से जुड़े विभिन्न अखाड़ों के संत-महंत भी पहुंचे। संतों ने सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी और अंतिम संस्कार में शामिल हुए। योग गुरु स्वामी रामदेव भी मौके पर मौजूद रहे और मंत्रोच्चार करते हुए दिखाई दिए। संतों की मौजूदगी से पूरा वातावरण धार्मिक और भावुक बना रहा।

माता के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पूरा परिवार गहरे शोक में है। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी। हरिद्वार में गंगा तट पर आयोजित अंत्येष्टि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम भी तैनात रही।