भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा 17 नवंबर से छह दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लेने के साथ कार्यकर्ताओं की बैठकें भी करेंगी।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र शाह ने बताया कि कुमारी सैलजा 17 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे टनकपुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। 18 नवंबर को सुबह 10:30 बजे लोहाघाट में जनसभा को संबोधित करने के बाद दोपहर दो बजे पिथौरागढ़ में हस्ताक्षर अभियान और कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को दोपहर 12 बजे गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के बेरीनाग में कार्यकर्ताओं की बैठक होगी। इसके बाद 20 नवंबर को दोपहर 12 बजे बागेश्वर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगी। 21 नवंबर को सुबह 11 बजे थराली में कार्यकर्ता बैठक में शामिल होने के बाद 22 नवंबर को सुबह 11 बजे देहरादून में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगी।
कुमाऊं मंडल के दौरे में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सहप्रभारी मनोज यादव सहित पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल चमोली जिले की थराली विधानसभा से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
1राजेंद्र शाह ने बताया कि प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा 15 से 20 नवंबर तक गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों का दौरा करेंगे। इसके बाद 21 नवंबर को वह थराली विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के कार्यक्रम में शामिल होंगे। कांग्रेस नेतृत्व के इस दौरे को प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

