भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए सोमवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कपाट बंद होने के अंतिम दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। रात 9 बजकर 37 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसी के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया। कपाट बंद होने के दौरान सेना के बैंड की मधुर धुनों और जय बदरीविशाल के उद्घोष से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया के लिए सोमवार सुबह से ही मंदिर में विशेष तैयारियां शुरू हो गई थीं। ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर खुलने के बाद भगवान बदरीविशाल का अभिषेक, विशेष पूजन और श्रृंगार किया गया। रविवार को हुई बारिश और बर्फबारी के बाद धाम में कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। दिनभर मंदिर में दर्शन का सिलसिला चलता रहा। कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर को फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

शाम आठ बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। बदरीनाथ के मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए स्त्री वेश धारण किया। उन्होंने लक्ष्मी मंदिर से माता लक्ष्मी की मूर्ति लाकर भगवान बदरीनाथ के गर्भगृह में विराजमान किया। इसके बाद बदरीश पंचायत में विराजमान भगवान कुबेर और उद्धव की उत्सव प्रतिमाओं को मंदिर परिसर में लाया गया।

धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान बदरीनाथ की निर्वाण शिला मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया गया। धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

शीतकालीन पूजा स्थलों के लिए रवाना होंगी डोलियां

कपाट बंद होने के बाद मंगलवार से भगवान बदरीविशाल की शीतकालीन पूजा की व्यवस्थाएं शुरू होंगी। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार मंगलवार को सेना के बैंड की धुनों के बीच भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां समारोहपूर्वक योग बदरी मंदिर पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। वहीं गरुड़ और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ के लिए प्रस्थान करेगी। इसके बाद शीतकाल में इन पूजा स्थलों पर धार्मिक गतिविधियां संचालित होंगी।