भगवान बद्री विशाल के दर्शन 16 नवंबर की रात से शीतकाल के लिए बंद हो जाएंगे। बदरीनाथ धाम में कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया के तहत पांच दिवसीय पंच पूजा शुरू हो गई है। रविवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो जाएगा।

शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि भगवान बद्री विशाल वर्ष में दो स्थानों पर भक्तों को दर्शन देते हैं। ग्रीष्मकाल में श्रद्धालु माणा गांव के समीप स्थित बदरीनाथ धाम में भगवान के दर्शन करते हैं, जबकि शीतकाल में ज्योतिर्मठ में भगवान बद्री विशाल की पूजा-अर्चना और दर्शन होते हैं।

उन्होंने बताया कि वह शनिवार को हरिद्वार से बदरीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। वहां धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के अनुसार कपाट बंद करने की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

कपाट बंद होने के बाद भगवान बद्री विशाल की शीतकालीन पूजा ज्योतिर्मठ में होगी। इस दौरान श्रद्धालु शीतकालीन गद्दीस्थल पर भगवान के दर्शन कर सकेंगे।