उत्तराखंड में 72 लाख 78 हजार 35 मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 12 नवंबर को सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और आपत्तियां दर्ज करने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिलाएं हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में इनकी कुल संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है।

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के तहत चार से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य किया गया। इस दौरान 1,25,216 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

युवा भी जुड़वा सकेंगे नाम

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि ऐसे युवा, जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं और वे लोग जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वे 11 दिसंबर तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन करने के साथ ही ईसीआई नेट ऐप पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

ऑनलाइन देख सकेंगे मतदाता सूची

ड्राफ्ट मतदाता सूची को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर देखा जा सकता है। इसके अलावा डीईओ और ईआरओ कार्यालयों तथा बीएलओ के माध्यम से भी सूची का अवलोकन किया जा सकता है। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है, जबकि जनपद स्तर पर हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन अक्टूबर 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 34,21,036 महिलाएं, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इनके निस्तारण और सुनवाई की प्रक्रिया 28 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।