विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने की प्रक्रिया गुरुवार से पंच पूजाओं के साथ शुरू हो गई। पहले दिन श्री गणेश मंदिर के कपाट बंद किए गए। वहीं, भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शनों के लिए धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कपाट बंद होने के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और मंदिर परिसर में आवागमन सुचारु बनाए रखने को कहा।

इससे पहले एसपी ने बदरीनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी रावल जी से मुलाकात कर उनके वापसी कार्यक्रम की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी धर्माधिकारी, वेदपाठी, लक्ष्मी मंदिर के पुजारियों, बीकेटीसी अधिकारियों और पंडा पंचायत के सदस्यों से भी संवाद कर कपाट बंद होने से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

एसपी ने बताया कि कपाट बंद होने के बाद भगवान उद्धव जी और कुबेर जी की उत्सव डोलियां 17 नवंबर को शीतकालीन प्रवास स्थल पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। उन्होंने डोली यात्रा के पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मास्टर प्लान के तहत धाम में निर्माण कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं की गतिविधियों की भी जानकारी ली। कपाट बंद होने के बाद भी जारी रहने वाले निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश थाना प्रभारी बदरीनाथ को दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मंदिर सुरक्षा में तैनात आईटीबीपी और पुलिस के जवानों से भी बातचीत की। उन्होंने जवानों को पूरी सतर्कता, आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।