बाबा केदारनाथ की पंचमुखी चल-विग्रह उत्सव डोली बृहस्पतिवार को अपने दूसरे रात्रि प्रवास स्थल श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंच गई। यहां पहुंचने पर डोली का श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हुई है। यात्रा के दूसरे दिन डोली ने रामपुर से प्रस्थान किया और सेरसी, बड़ासू एवं फाटा होते हुए गुप्तकाशी पहुंची।

डोली के गुप्तकाशी पहुंचने पर क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ बाबा केदार का स्वागत किया। डोली का रात्रि प्रवास विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में रहेगा। इसके बाद डोली निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी।