देहरादून। उत्तराखण्ड राज्योत्सव के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 15 विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया।

इस अवसर पर राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी (सेनि) को मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया। वहीं चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता में मनमोहन भारद्वाज, फिल्म जगत में हिमानी शिवपुरी, लोक जागर गायन में हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा सामाजिक क्षेत्र में अनीता थपलियाल शर्मा एवं कश्मीर सिंह, पर्यावरण संरक्षण में सुरेश भाई और लोक गायन में रेशमा शाह को सम्मान दिया गया। खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली एकता बिष्ट, वंदना कटारिया, अंकिता ध्यानी, निकिता चंद और कपिल पोखरिया को भी उत्तराखण्ड गौरव सम्मान से नवाजा गया।

कार्यक्रम में सम्मानित सभी विभूतियों के योगदान की सराहना की गई। उत्तराखण्ड गौरव सम्मान का उद्देश्य राज्य के विकास, सामाजिक उत्थान और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पहचान देना है। साथ ही यह सम्मान नई पीढ़ी को प्रदेश और समाज की उन्नति में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।