उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और सुप्रसिद्ध अभिनेता हेमंत पांडेय को राज्य सरकार ने लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया। राज्योत्सव समारोह में शुक्रवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों कलाकारों को दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित दोनों विभूतियों को उत्तराखंडी सिनेमा, लोक संस्कृति और कला जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया।
परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में वर्ष 2024 के लिए लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने लोकगीतों के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक सरोकारों और जनभावनाओं को आवाज दी है। उनके गीतों ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वहीं, वर्ष 2025 के लिए अभिनेता हेमंत पांडेय को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने अपने अभिनय के दम पर भारतीय फिल्म एवं मनोरंजन जगत में अलग पहचान बनाई है। उनके अभिनय ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, क्षेत्रीय सिनेमा और कला जगत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से फिल्म पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से प्रदेश की कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है।

