उत्तराखंड में आगामी चुनावों की तैयारियों और पार्टी संगठन को लेकर कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उत्तराखंड कांग्रेस नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श किया।
बैठक में संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत तथा सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश में पार्टी संगठन की स्थिति, आगामी चुनावों की तैयारियों और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा हुई। केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं से संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य के राजनीतिक हालात की जानकारी ली। बैठक को उत्तराखंड में कांग्रेस की आगामी राजनीतिक और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

