बदरीनाथ से सहस्रधारा हेलिपैड आ रहे ट्रांस भारत एविएशन के हेलिकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले पायलट समेत सभी छह लोगों के शव पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके घर भेज दिए गए। शुक्रवार को हुए इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी। शनिवार को एम्स ऋषिकेश में पोस्टमार्टम और केमिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाया गया, जहां से उन्हें सड़क और हवाई मार्ग से उनके गृह नगर रवाना किया गया।

हादसे में जान गंवाने वाले पायलट हिमांशु सभरवाल (48) का शव सड़क मार्ग से दिल्ली भेजा गया। वहीं, प्रताप (41), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के (50) और एचएस नटराजा (51) के शव इंडिगो की फ्लाइट से बंगलुरू रवाना किए गए। जबकि अरुण सालुके (44) का शव इंडिगो की फ्लाइट से पहले दिल्ली भेजा गया। यहां से उनके शव को गोवा पहुंचाया जाएगा।

शवों को उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। एम्स ऋषिकेश में पोस्टमार्टम और केमिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी शवों को एयरपोर्ट पहुंचाया गया। इसके बाद अलग-अलग गंतव्यों के लिए उन्हें रवाना किया गया। हादसे में छह लोगों की मौत से उनके परिजनों में शोक है।