उत्तरकाशी के केदारताल क्षेत्र में लापता सात ट्रैकर्स और एक गाइड की तलाश के लिए एसडीआरएफ ने हेलीकॉप्टर से दो बार सघन हवाई रेकी की, लेकिन लापता लोगों या उनके टेंट का कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाया। अत्यधिक बर्फबारी और विषम मौसमी परिस्थितियों के चलते सर्च अभियान में कठिनाइयां आ रही हैं। अभियान को आगे बढ़ाने के लिए एसडीआरएफ की एक अतिरिक्त माउंटेनियरिंग टीम आवश्यक रेस्क्यू और पर्वतारोहण उपकरणों के साथ रवाना कर दी गई है।

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर लापता ट्रैकर्स और गाइड की तलाश के लिए विशेष पर्वतारोहण टीम को अभियान में लगाया गया है। इससे पहले एसडीआरएफ की गंगोत्री टीम के जवानों ने केदारताल क्षेत्र में पहुंचकर रेकी की थी, लेकिन भारी बर्फबारी और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान को आगे बढ़ाने में दिक्कतें आईं।

इसके बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से क्षेत्र की हवाई रेकी और सर्च करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल रवि चौहान और कांस्टेबल दीपक पंत हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारताल क्षेत्र की दो बार सघन हवाई रेकी की गई। हालांकि, इस दौरान लापता ट्रैकर्स अथवा उनके टेंट का कोई स्पष्ट दृश्य संकेत नहीं मिल पाया।

वहीं, अभियान को गति देने के लिए एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से एक अतिरिक्त टीम को जरूरी रेस्क्यू और पर्वतारोहण उपकरणों के साथ रवाना किया गया है। मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होने पर यह टीम सर्च एवं रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाएगी। फिलहाल एसडीआरएफ संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान की आगामी कार्ययोजना तैयार कर रही है।