नई दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में उत्तराखंड से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रतिभाग किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की राजनीति के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा।

गोदियाल ने महारैली में उत्तराखंड से पहुंचे वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित महारैली ने केंद्र सरकार को जनता का संदेश दे दिया है। जनता अब महंगाई, आर्थिक नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने वाली राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम आदमी की आर्थिक स्थिति प्रभावित की है, जबकि सरकार अपने चहेते उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने और उनके कर्ज माफ करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक भाजपा सरकार को सत्ता से हटाया नहीं जाता।

प्रदेश की धामी सरकार पर निशाना साधते हुए गोदियाल ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में विपक्षी नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस इस कार्यशैली को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मामले में न्याय और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की मांग आज भी प्रदेश की जनता के सामने बड़ा सवाल है। प्रकरण से जुड़े आरोपी दुष्यंत कुमार को राज्यपाल बनाए जाने के फैसले से प्रदेशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।

गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की अस्मिता और सम्मान से जुड़ा विषय है। इसमें प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को आगे आकर आवाज उठानी चाहिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उत्तराखंड से दिल्ली महारैली में शामिल होने जा रहे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश में पुलिस ने सरकार के दबाव में रास्ते में रोक दिया। यह शांतिपूर्ण राजनीतिक भागीदारी और लोकतांत्रिक अधिकारों के विरुद्ध है।

गोदियाल ने कहा कि रामलीला मैदान में उमड़ी भीड़ जनता की नाराजगी को दर्शाती है। उन्होंने महारैली को सफल बनाने के लिए जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों, ब्लॉक अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों और सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।