मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध पंजाबी गायक दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने हाल के घटनाक्रम पर चर्चा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता है। मुख्यमंत्री ने आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। यहां की लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और आपसी सद्भाव प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। उत्तराखंड में कलाकारों का हमेशा स्वागत और सम्मान किया जाता रहा है।

उन्होंने कहा कि हाल के घटनाक्रम को पीछे छोड़कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। आपसी संवाद के माध्यम से गलतफहमियों को दूर किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने और संवाद के जरिए परिस्थितियों को सहज बनाने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि नई टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति के दौरान दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए घटनाक्रम के बाद यह बातचीत हुई है। इस प्रकरण को लेकर सार्वजनिक मंच पर कलाकार के साथ व्यवहार को लेकर चर्चाएं हुई थीं। मुख्यमंत्री की दलेर मेहंदी से बातचीत को घटनाक्रम के बाद संवाद और सौहार्द की दिशा में पहल के तौर पर देखा जा रहा है।