मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और एनएच-74 का किया निरीक्षण, शिविरों में बिजली-पानी और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 से पहले हरिद्वार बाईपास परियोजना को पूरा कर यातायात के लिए चालू करने और अस्थायी बस अड्डों व पार्किंग स्थलों की व्यवस्थाएं समय पर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और राष्ट्रीय राजमार्ग-74 के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और कुंभ से पहले आवागमन, सुरक्षा तथा जन-सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

कुंभ मेले की तैयारियों के तहत मेला क्षेत्र में स्थायी अवस्थापना विकास के साथ अस्थायी व्यवस्थाओं को भी गति दी जा रही है। विभिन्न सेक्टरों में शिविरों के लिए निर्धारित भूमि की साफ-सफाई और समतलीकरण के साथ सड़क, बिजली, पेयजल तथा अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा अस्थायी बस अड्डों, पार्किंग स्थलों और संपर्क मार्गों को तैयार करने का काम भी चल रहा है।

मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप में शिविर स्थलों के लिए किए जा रहे ड्रेसिंग-लेवलिंग कार्यों, अस्थायी सड़कों के निर्माण तथा बिजली-पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के लिए निर्धारित भूमि समय से तैयार की जाए और वहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और अन्य लोगों को परेशानी न हो।

दक्षद्वीप में प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने आवागमन के मार्गों को सुचारू रखने और वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। हद्दीपुर में प्रस्तावित पार्किंग स्थल की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने वहां तक पहुंचने वाले मार्गों और पुलों से संबंधित कार्य भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद मेलाधिकारी ने एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर समेत अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएच-74 पर चिड़ियापुर तक मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को बाईपास का काम अविलंब पूरा कर कुंभ से पहले यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए।

एनएच-74 पर अंजनी चौकी के निकट प्वाइंट 4.2 पर बाईपास के अंतिम सिरे को शीघ्र व्यवस्थित करने और जरूरी साइनेज लगाने को भी कहा गया। इससे वाहन चालकों को मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी और यातायात सुचारू रखने में मदद मिलेगी। मेलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों और परियोजना निदेशक, नजीबाबाद से फोन पर वार्ता कर लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने को कहा। उन्होंने चिड़ियापुर के निकट फ्लाईओवर के रुके हुए कार्य को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।