ऑस्कर विजेता फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस के निर्देशन में बन रही विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में प्रस्तावित है। इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर चर्चा की। फिल्म की शूटिंग से प्रदेश में स्थानीय रोजगार, पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित इस परियोजना के तहत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। ‘द बीटल्स–ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ नाम की इस श्रृंखला का निर्माण सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से किया जा रहा है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्य शामिल होंगे। इसके अलावा स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है। परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ होटल, परिवहन और अन्य कारोबार को भी लाभ मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाएं उत्तराखंड में आएं, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की पहचान विश्वभर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में है। ‘द बीटल्स’ का भी इस शहर से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग होने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी तथा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।