कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े पारिवारिक विवाद और वीडियो प्रकरण के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। अस्पताल में भर्ती मंत्री की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने पहुंचीं आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल से वार्ता कर मामले की जानकारी ली और पुलिस को प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए।
आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कृष्णा मेडिकल सेंटर पहुंचकर मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना और उपचार कर रहे अन्य डॉक्टरों से मंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही बेहतर उपचार और उचित निगरानी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
कंडवाल ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित पारिवारिक विवाद से जुड़े प्रकरण को आयोग ने गंभीरता से लिया है। महिला सुरक्षा और न्याय के मामले में कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कानून की नजर में सभी समान हैं और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महिला चाहे आम हो या खास, आयोग हर पीड़ित महिला के साथ मजबूती से खड़ा है। घरेलू हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में किसी भी महिला को चुप रहने की जरूरत नहीं है। हर महिला को अपनी आवाज उठाने का पूरा अधिकार है।
आयोग ने कहा कि पुलिस प्रशासन मामले के सभी पहलुओं और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रहा है। आयोग पुलिस के लगातार संपर्क में है और प्रकरण की निगरानी कर रहा है। जांच के तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

