मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर सोमवार, 19 अक्टूबर को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में मातृशक्ति का पूजनीय स्थान है। नवरात्र का पर्व नारी शक्ति, श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। यह पर्व समाज में महिलाओं के सम्मान, उनके सामर्थ्य और महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं देश की समृद्ध विरासत की पहचान हैं। त्योहार न केवल सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आस्था, सद्भाव और एकता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, सांस्कृतिक परंपराओं और उनसे जुड़े मूल्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

