उत्तराखंड में जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंजूरी दे दी है। इसके तहत 1474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाएंगे। इससे महिला पुलिस कर्मियों के समायोजन और पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में पहल होगी।

प्रस्ताव के तहत कुल स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाए बिना और अतिरिक्त वित्तीय भार डाले बिना व्यवस्था की जाएगी। कार्मिक विभाग ने वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और उनके भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त पर सहमति दी है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। महिला पुलिस कर्मियों को बेहतर सेवा अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना सरकार का उद्देश्य है।