भराड़ीसैंण में आगामी विधानसभा सत्र और त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए चमोली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, सघन चेकिंग और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

एसपी ने विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील और अतिसंवेदनशील ड्यूटी स्थलों को चिह्नित करने को कहा। उन्होंने बैरिकेडिंग, बैरियर और वॉच टावर लगाने के साथ ही पुलिस बल के ठहरने और संचार व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। बाहरी जनपदों से आने वाले पुलिस बल के लिए चिह्नित स्थानों पर पेयजल, बिजली, भोजनालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने स्थानीय अभिसूचना इकाई को सामाजिक संगठनों के प्रस्तावित जुलूस, प्रदर्शन और प्रमुख मुद्दों से संबंधित सूचनाएं समय से जुटाकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित की जा सके।

त्योहारों पर बाजारों और धार्मिक स्थलों पर रहेगी निगरानी

दशहरा, रामनवमी, वाल्मीकि जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। धार्मिक स्थलों, मंदिरों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया गया।

एसपी ने त्योहारों के दौरान छुट्टियों में घर बंद कर गांव जाने वाले लोगों के घरों में चोरी की घटनाएं रोकने के लिए गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सीओ चमोली मदन सिंह बिष्ट, सीओ कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।