कुंभ मेला-2027 के दौरान स्नान पर्वों के लिए जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और प्रत्येक स्नान पर्व के लिए पहले से स्पष्ट एवं प्रभावी सुरक्षा प्लान तैयार होगा। एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान ने हरिद्वार में पुलिस अधिकारियों के साथ कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मेला नियंत्रण भवन, पुलिस लाइन, अस्थायी थाना-चौकियों, होल्डिंग व पार्किंग स्थलों समेत विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। एडीजी ने सभी कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने मेले के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की भी समीक्षा की। यातायात प्रबंधन और पुलिस बल की उपलब्धता पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
एडीजी ने कहा कि कुंभ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की पहले से व्यापक तैयारी जरूरी है। स्नान पर्वों के दौरान भीड़ और परिस्थितियों के अनुसार पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक स्नान पर्व का अलग और प्रभावी प्लान पहले से तैयार करने के निर्देश दिए गए।
