गढ़वाल मंडल में 26 और 27 सितंबर को मौसम विभाग के ऑरेंज और रेड अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा स्थगित नहीं की जाएगी। हालांकि, भारी बारिश या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए उन्हें परिस्थितियों के अनुसार निकटतम होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। यह निर्णय आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों से विचार-विमर्श और स्थानीय परिस्थितियों के आकलन के बाद लिया है।

वर्तमान में चारधाम यात्रा का दूसरा चरण चल रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए मंडल स्तर पर यात्रा मार्गों की स्थिति और मौसम की लगातार निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारियों से उनके-अपने क्षेत्रों की स्थिति और तैयारियों का फीडबैक लिया गया।

आयुक्त ने कहा कि यात्रा मार्गों पर मौसम और सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों को यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भारी बारिश के दौरान किसी मार्ग पर आवाजाही जोखिमपूर्ण होने की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर रोकने की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने चारधाम यात्रियों से अपील की कि मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रतिकूल मौसम में प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिए जाने वाले निर्णयों में सहयोग करने को कहा गया है।