हरिद्वार में जेल में बंद पत्नी से मुलाकात में रोक-टोक से नाराज होकर जेल अधीक्षक को फोन पर धमकी देने वाले आरोपी को सिडकुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मैसेज के जरिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, धमकी देने के बाद आरोपी जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से तमंचा लेकर हरिद्वार पहुंचा था। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पत्नी जेल में बंद है। पत्नी से मुलाकात को लेकर जेल में की जा रही रोक-टोक से वह नाराज था। इसी नाराजगी में उसने जेल अधीक्षक को फोन और मैसेज के माध्यम से धमकी दी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है।