केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर चीरबासा के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण बाधित मार्ग से सोमवार सुबह केदारनाथ से लौट रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षा मानकों के साथ चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित पार कराया गया। मौके पर एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, वाईएमएफ, आपदा मित्र और पुलिस की रेस्क्यू टीमें तैनात हैं। वहीं, मार्ग पर आवागमन सुचारु होने तक सोनप्रयाग में केदारनाथ की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को रोक दिया गया है।
गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर ऊपर चीरबासा हेलीपैड के समीप रविवार से पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण पैदल मार्ग बाधित था। खराब मौसम और लगातार पत्थर गिरने के चलते देर शाम तक आवाजाही बंद रही। केदारनाथ से लौट रहे श्रद्धालुओं को विभिन्न पड़ावों पर सुरक्षित रुकवाया गया था।
सोमवार सुबह मौसम अनुकूल होने और पत्थर गिरने की स्थिति थमने के बाद रेस्क्यू टीमों ने सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं को बाधित हिस्से से पार कराया। टीमों ने यात्रियों को आवश्यक सहयोग और सुरक्षा भी उपलब्ध कराई।
श्रद्धालुओं के सुरक्षित पार होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर गिरे मलबे और पत्थरों को हटाने के साथ साफ-सफाई और सुधारीकरण का काम शुरू कर दिया है। प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और आवागमन के लिए सुचारु होने के बाद ही सोनप्रयाग से केदारनाथ की यात्रा दोबारा संचालित की जाएगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौके पर तैनात सुरक्षा और रेस्क्यू टीमों के निर्देशों का पालन करें और बिना अनुमति बाधित क्षेत्र को पार करने का प्रयास न करें।
