जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार की ओर से 16 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10 बजे से जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में लगने वाले मेले में करीब 400 रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा। मेले में हरिद्वार क्षेत्र की करीब सात से आठ औद्योगिक इकाइयों के शामिल होने की संभावना है।

प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, प्लंबर के साथ स्नातक और परास्नातक योग्यता वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। कंपनियों और रिक्तियों की संख्या में बदलाव संभव है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को 16 सितंबर को अपना बायोडाटा की दो प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, सभी शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र और सेवायोजन प्रमाणपत्र साथ लाना होगा। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।